प्रतापगढ़राजनीति

बसपा के ब्राह्मण प्रत्याशी भाजपा का बिगाड़ सकते हैं खेल, इन सीटों पर फंसा पेंच,2007 में मायावती ने ऐसे हासिल की थी सत्ता

लखनऊ।पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने जीत का परचम लहराने के लिए लोकसभा चुनाव में कई उच्च जाति और मुस्लिम प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है।मायावती की रणनीति 2007 के सोशल इंजीनियरिंग फार्मूले की याद दिलाता है। यह वो फार्मूला था जब इसी के बल पर मायावती उत्तर प्रदेश में सत्ता हासिल की थी।बरहाल यह लोकसभा चुनाव है,लेकिन फिर भी मायावती की रणनीति और उनके ब्राह्मण प्रत्याशी कहीं ना कहीं भाजपा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।कुछ लोकसभा सीटों पर बसपा ने अपने ब्राह्मण प्रत्याशी उतार कर भाजपा के लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी।ऐसे में हम बात उन प्रमुख लोकसभा सीटों की करते हैं जहां बसपा ने ब्राह्मण प्रत्याशी उतारे हैं,वे सीटें हैं- फर्रुखाबाद, बांदा, धौरहरा, अयोध्या, बस्ती, अलीगढ़, उन्नाव, मिर्जापुर, फतेहपुर सीकरी और अकबरपुर शामिल हैं।

अयोध्या लोकसभा सीट की बात करें तो यहां से बसपा ने सच्चिदानंद पांडे को चुनावी मैदान में उतारा है,जबकि समाजवादी पार्टी ने अवधेश पासी और भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर लल्लू सिंह पर भरोसा जताया है।बसपा प्रत्याशी सच्चिदानंद पांडे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे थे और इसी साल मार्च में बसपा में यह कहते हुए शामिल हुए कि भाजपा में उन्हें घुटन महसूस हो रही थी।ऐसे में कहा जा सकता है कि बसपा प्रत्याशी सच्चिदानंद पांडे, भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह का खेल बिगाड़ सकते हैं,जिससे लल्लू सिंह को हार का सामना करना पड़ सकता है।

बता दें कि लल्लू सिंह ने 2014 में 2,82,775 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी वहीं 2019 में सपा से लल्लू सिंह की जीत का अंतर महज 65,000 रह गया था। यानी भाजपा के 5 लाख से ज्यादा वोट की तुलना में सपा को 4,63,544 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे थे।अयोध्या-फैजाबाद लोकसभा सीट के महत्व को भाजपा नेतृत्व भी पूरी तरजीह दे रहा है,क्योंकि प्रतिष्ठित सीट हार जाने से पार्टी के मनोबल को बड़ा झटका लग सकता है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिन पहले राम मंदिर के दर्शन के बाद भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रोड शो किया था।

इस बारे में लल्लू सिंह ने कहा था कि 500 वर्षों से राम मंदिर बनवाने की जो लड़ाई थी वह प्रधानमंत्री मोदी जी की लीडरशिप में पूरी हुई है। फैजाबाद अयोध्या के सभी मतदाता देख रहे हैं कि सीएम योगी जी ने यहां कितना विकास किया है और न सिर्फ यहां, बल्कि पूरे देश में भाजपा अपनी छाप छोड़ रही है।

अयोध्या लोकसभा सीट से इस बार अखिलेश यादव ने नया प्रयोग किया और सामान्य सीट होने के बावजूद दलित प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है।अयोध्या की सबसे अधिक आबादी वाली पासी बिरादरी से प्रत्याशी दिया, जो दलित वर्ग में आती है। सपा ने छह बार के विधायक, मंत्री और सपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे अपने सबसे मजबूत पासी चेहरे अवधेश पासी को चुनावी मैदान में उतारा।

बता दें कि लल्लू सिंह के संविधान को लेकर एक बयान पर हंगामा भी खड़ा हो गया था और पूरे विपक्ष को भाजपा के खिलाफ एक मुद्दा मिल गया था। लल्लू ने कहा था कि 400 सीट इसलिए चाहिए, क्योंकि मोदी सरकार को संविधान बदलना है। सपा के दलित प्रत्याशी उतारने से एक नारा चल पड़ा।अयोध्या में मथुरा न काशी, सिर्फ अवधेश पासी। लल्लू सिंह के बयान से अखिलेश यादव के दलितों से राम नगरी अयोध्या में फाइट टाइट हो गई है।

फर्रुखाबाद लोकसभा सीट की बात करें तो भाजपा ने यहां से एक बार फिर मुकेश राजपूत को मैदान में उतारा है। मुकेश राजपूत अगर इस बार चुनाव जीतते हैं तो यह उनकी हैट्रिक होगी। वहीं सपा ने डॉक्टर नवल किशोर शाक्य को उतारा है, लेकिन भाजपा के लिए सबसे बड़ी मुसीबत इस चुनाव में बसपा ने ब्राह्मण कार्ड खेल कर पैदा कर दी है।मायावती ने फर्रुखाबाद से क्रांति पांडे को चुनावी मैदान में उतार कर मुकेश राजपूत की राह में एक बड़ा रोड़ा खड़ा कर दिया है,जिससे सदर का ब्राह्मण वोट क्रांति पांडे के पक्ष में और कुछ नवल किशोर शाक्य के साथ हो गया था,जो सपा को फायदा पहुंचाएगा।दूसरा कारण यह भी है कि फर्रुखाबाद सदर का ब्राह्मण मतदाता बसपा नेता अनुपम दुबे पर की कई कार्रवाई से नाखुश है। मतदाताओं का शुरू से कहना रहा है कि वह मुकेश राजपूत के समर्थन में वोट नहीं करेगा। अगर ऐसा हुआ है तो यह भाजपा प्रत्याशी के लिए एक चिंता का विषय होगा, जो सपा प्रत्याशी को यानी कि डॉक्टर नवल किशोर शाक्य को फायदा पहुंचाएगा।

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत को 5,69,880 वोट मिले थे, जबकि सपा प्रत्याशी मनोज अग्रवाल को 3,48,178 वोटों पर संतोष करना पड़ा था। वहीं तीसरे नंबर पर कांग्रेस के सलमान खुर्शीद को मात्र 55,258 वोट मिले थे।फर्रुखाबाद 2014 लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां से मुकेश राजपूत ने जीत दर्ज की थी। मुकेश राजपूत को 4,06195 वोट, जबकि सपा प्रत्याशी रामेश्वर यादव को 2,55,693 वोट और बसपा प्रत्याशी जयवीर सिंह को 1,14521 वोट मिले थे।यहां से लगभग 40 साल बाद पहला ऐसा मौका है जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद का परिवार मैदान से बाहर है।फर्रुखाबाद लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी। इस सीट पर आठ बार कांग्रेस चुनाव जीत चुकी है। वहीं चार बार भाजपा ने जीत हासिल की है, जबकि दो बार सपा और दो बार जनता पार्टी ने चुनाव जीता है।एक बार जनता दल और एक बार संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी ने भी इस सीट से जीत हासिल की है।

बांदा-चित्रकूट लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां पर भाजपा ने एक बार फिर सांसद आरके सिंह पटेल पर भरोसा जताया है। आरके सिंह पटेल का टिकट फाइनल होने के बाद ब्राह्मण नेताओं में काफी नाराजगी की देखी गई थी, जो अंतिम समय यानी वोटिंग के समय तक रही।बरहाल ब्राह्मणों की नाराजगी को खत्म करने के लिए बृजेश पाठक ने बांदा चित्रकूट में कई दिनों तक डेरा डाला था।नाराजगी को भांपते हुए भाजपा हाई कमान ने मौजूदा कन्नौज सांसद और भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक और कानपुर से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी को भेजा था। जो लगातार बांदा-चित्रकूट में ब्राह्मणों को भाजपा के पक्ष में साधने कोशिश करते हुए देखे गए थे।यह कितना कारगर साबित होता है, यह तो 4 जून को ही पता चलेगा, लेकिन यहां से बसपा ने ब्राह्मण कार्ड खेलकर भाजपा की मुश्किलों में इजाफा कर दिया है।

बसपा ने बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट से मंयक द्विवेदी को चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में कहा जा रहा है कि ब्राह्मण मतदाता मयंक द्विवेदी के साथ गया है, जो भाजपा प्रत्याशी के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। वहीं सपा ने यहां से कृष्णा पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है। इस लिहाज से यहां मामला त्रिकोणीय हो रहा है, लेकिन बसपा की तरफ से ब्राह्मण प्रत्याशी मयंक द्विवेदी के आने से भाजपा को नुकसान होता दिखाई दे रहा है।मयंक द्विवेदी पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। मयंक के पिता नरेश द्विवेदी नरैनी विधानसभा से विधायक रह चुके हैं।नरेश द्विवेदी मौजूदा समय में जिला पंचायत सदस्य हैं। नरेश द्विवेदी को बसपा वोटों के अलावा सजातीय वोटों के मिलने की उम्मीद है।वहीं आरके सिंह पटेल चित्रकूट के रहने वाले हैं।आरके सिंह पटेल दूसरी बार भाजपा से चुनावी मैदान में उतरे हैं।आरके सिंह पटेल 2009 में सपा के सिंबल पर चुनाव लड़कर सांसद बने थे। इसके बाद आरके सिंह पटेल ने पाला बदला और बसपा का दामन थाम लिया। इसके बाद मोदी लहर में 2014 में भाजपा में शामिल हो गए।
बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट में पांच विधानसभा हैं।इनमें बबेरू, नरैनी, बांदा, चित्रकूट और मानिकपुर शामिल है। इनमें से दो सपा के पास और दो भाजपा के पास हैं,जबकि एक सीट मानिकपुर पर अपना दल के पास है। बबेरू से विशंभर सिंह यादव, चित्रकूट से अनिल प्रधान पटेल सपा के विधायक हैं, जबकि नरैनी से ओम मणि वर्मा, बांदा से प्रकाश द्विवेदी भाजपा के विधायक हैं।

अगर हम यूपी के 2007 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो यूपी के 2007 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले 9 अक्टूबर 2006 को बसपा के संस्थापक और मायावती के राजनीतिक गुरु कांशीराम की मृत्यु हो गई थी। कांशीराम के घर वालों ने उनकी मौत के लिए मायावती को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने मायावती पर कांशीराम से नहीं मिलने देने का आरोप भी लगाया था।कांशीराम की मौत के बाद मायावती पूरी तरह बसपा की सर्वेसर्वा हो चुकी थीं। तीन बार थोड़े-थोड़े समय तक मुख्यमंत्री रह चुकी मायावती भी शायद अब तक प्रदेश के जीत के गणित को काफी हद तक समझ चुकी थी। मायावती ने कांशीराम के दलित और अल्पसंख्यक से राजनीतिक ताकत हासिल करने के फार्मूले को बदलते हुए सर्व समाज का नारा दिया।ब्राह्मण पर हमला करने वाली मायावती ने बड़ी संख्या में ब्राह्मणों को टिकट दिए। मायावती की यह नई सोशल इंजीनियरिंग रंग लाई। मायावती ने कांशीराम का फॉर्मूला बदल दिया, लेकिन बसपा को अपने दम पर सत्ता में लाने का सपना तो पूरा कर दिया। लगभग 22 साल की उम्र पूरी कर रही बसपा ने 206 सीटें जीतीं। प्रदेश में 1991 के बाद यानी 16 वर्षों के बाद मायावती के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।

मायावती ने 2007 को प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर सत्ता हासिल की। इसके साथ ही राजनीतिक स्थिरता और जोड़-तोड़ से सरकार बनाने का दौर खत्म हुआ।पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था। इस चुनाव ने प्रदेश को स्थिर सरकार दी थी।उस वक्त कहा जाने लगा था कि कांशीराम ने बसपा को राजनीति से ब्राह्मणवाद मिटाने के नारे और दलितों को सत्ता का नेतृत्व का संकल्प लिया था,लेकिन उसी पार्टी ने सत्ता हासिल करने के लिए ब्राह्मणों को लुभाने के लिए हर कोशिश की।

2007 के यूपी विधानसभा चुनाव में बसपा के प्रत्याशियों पर नजर दौड़ाएं तो उस समय मायावती ने 86 ब्राह्मण प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था। इसमें तीन दर्जन से ज्यादा जीते। बसपा ने 139 सीटों पर सवर्णों को प्रत्याशी बनाया था। इनमें 36 ठाकुर और अगड़ों में अलग-अलग जातियों के 17 अन्य प्रत्याशी थे। इसके अलावा पिछड़ों को 114, मुस्लिमों को 61 और दलितों को 89 टिकट दिए गए थे। जो मायावती के सोशल इंजीनियरिंग के फॉर्मूले को सही साबित करते थे और यही वजह थी कि 2007 के यूपी विधानसभा चुनाव में मायावती सत्ता के सिंहासन पर काबिज हुईं थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button